आधुनिक विकास
आज विद्या वह नहीं जो मुक्त करती है बल्कि वह है जो आपको गुलाम बनती है- इच्छाओं का गुलाम, आवश्यकताओं का गुलाम। सोचता हूँ कितना कमीना होगा वह राक्षस जिसने शिक्षा को रोजगार से जोड़ने की पहली बार वकालत की होगी। अब दुकानों में तरह-तरह की शिक्षा मिलती है। जैसी कीमत, वैसी शिक्षा। मिस्त्री, कारीगर, नाई, दर्जी, मुंशी आदि बनाने की शिक्षा।कुशल श्रमिक बनाने के प्रशिक्षण को तकनीकी शिक्षा कहा जाता है। जिन पेशों का अभी उल्लेख किया गया, मैं उसमें संलिप्त सभी व्यक्तियों का सम्मान करता हूँ और उनसे क्षमा प्रार्थी हूँ कि हमारा समाज उन्हें तो पर्याप्त इज्ज़त नहीं दे पाता लेकिन लाखों-करोड़ों की फीस चुकाने के बाद जो प्रशिक्षित पेशेवर निकलते हैं जिनके पास न तो कोई व्यावहारिक ज्ञान न व्यावहारिक अनुभव होता है वे समाज में सम्मानित होते हैं। कोढ़ में खाज़ यह कि ऐसे व्यक्ति स्वयं और उनका समाज भी उन्हें बुद्धिजीवी मानता है और उनके विचारों को महत्व देता है जबकि वे शिक्षित न होकर केवल प्रशिक्षित होते हैं। असलियत में ऐसे व्यक्ति मात्र पूँजीपतियों के एजेंट होते हैं जिनका प्रयोग समाज में शिक्षा के प्रसार को अवरुद्ध करने, सामाजिक चेतना को विलुप्त करने और व्यक्ति के प्रकृति से उसके सम्बन्धों को विकृत करने के लिए किया जाता है। ऐसे पेशेवर चलते फिरते विज्ञापन होते हैं जो लोगों को ज्ञान साधना और सामाजिक दायित्वों से विमुख कर पूँजीपतियों को सस्ता श्रम उपलब्ध कराने में मदद करते है। हे माँ शारदे, शिक्षा के इस अपमान को हमारा समाज आखिर कब तक सहन करता रहेगा!
ग़म-ए-हस्ती का मर्ज अब किसी को नहीं सताता। किसी का दिल नहीं ढूँढता है अब-फुरसत के रात दिन। अब कोई ग़म नहीं जमाने में ग़म-ए-रोजगार के सिवा। ये कैसी बेखुदी है या रब! शमा जलती नहीं, परवाने मरे जा रहे हैं। घरों में कुत्ते चैन से पसरे हैं और लोग सड़कों पर भाग रहे हैं। डुगडुगी बज रही है- जो चाहोगे वही मिलेगा, जो चाहेगा उसे मिलेगा। शर्त बस इतनी है कि कभी आईना मत देखना, कभी चैन से मत बैठना। ठहर गए तो गाड़ी छूट जाएगी। आईना देखा तो सम्मोहन टूट जाएगा। इसके पहले कि कोई आवाज तुम्हारे अंदर से उठे, कान में ईयर फोन लगा लो।
आवश्यकताएँ वे हैं जो हमारे अस्तित्व के लिए आवश्यक होती हैं जबकि इच्छाएँ हमारे व्यक्तित्व का विस्तार होती हैं उनका पूरित या अपूरित होना व्यक्तित्व की सीमा है । लेकिन आज इच्छा ही आवश्यकता है। तमाम साधन एवं सुविधाओं के बीच इंसान बौना होता जा रहा है। मानव की सुविधा के लिए बनाए गए तमाम उपकरण आधुनिक विकास के मानदंड हैं लेकिन हम भूल जाते हैं कि उपकरणों समेत सभी उपादान जिनका अस्तित्व होता है उनका एक स्पेस होता है और स्थूलता के कारण उनका यह स्पेस कठोर आवरण से घिरा होता है जिसे कम या अधिक करने पर उस उपादान के ही विनष्ट होने की संभावना होती है। अतएव आधुनिक मानव जितने उपकरणों एवं उपादानों का प्रयोग करता है वे सभी उसके स्पेस का अतिक्रमण करती हैं। व्यक्ति के स्पेस का भौतिक उपादानों द्वारा अतिक्रमण होने से व्यक्ति में यांत्रिकता बढ़ती चली जाती है और उसी अनुपात में उसके व्यक्तित्व का भी क्षरण होता रहता है। और फिर दर्द दवा बन जाता है।जो भाव से उत्पन्न हुआ था विकसित होकर भावशून्य हो जाता है।
जो दुनिया कभी दिल में बसती थी अब उसे फिंगर टिप पर टिकाने की कोशिश हो रही है। मूर्ख मानव इतना भी नहीं समझता कि जो दुनिया तुम्हारी उँगली पर अवतरित होगी तुम उसी दुनिया में खो जाओगे या फिर वह दुनिया ही नकली होगी। नौकरों से आखिर कितनी समझदारी की उम्मीद की जा सकती है! प्रकृति हमारी आवश्यकताओं का भार तो वहन कर सकती है उद्दाम कामनाओं का नहीं। इसके पहले कि इन कालीदासों की जमात धारा को ध्वस्त करे हे वीणाववादिनी, इनकी मन वीणा के तारों को झंकृत कर कि वे इस मोह निद्रा से बाहर आएँ ।
टिप्पणियां